हिसार में भूमि अधिग्रहण मुआवजे की किस्त जारी करने के बदले रिश्वत लेता पटवारी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
हिसार में भूमि अधिग्रहण मुआवजे की किस्त जारी करने के बदले रिश्वत लेता पटवारी गिरफ्तार


33 लाख के मुआवजे में से एक लाख रुपये की बकाया राशि जारी करने की एवज में

मांग रहा था पैसे

एसीबी ने जाल बिछाकर दबोचा, रिश्वत की रकम बरामद

हिसार, 09 सितंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन

ब्यूरो (एसीबी) टीम ने भूमि अधिग्रहण विभाग में पुनर्नियुक्ति पर तैनात पटवारी

भूप सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी

पर भूमि अधिग्रहण मुआवजे की बकाया राशि जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

एसीबी टीम ने शिकायत मिलने के बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाकर कार्रवाई की और रिश्वत

की रकम लेते ही आरोपी को मौके पर दबोच लिया।

एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बुधवार काे इंस्पेक्टर राजबीर सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई

की जबकि एएसआई वीरेंद्र कुमार, एएसआई भरतलाल, एसआई राजेन्द्र सिंह टीम में शामिल रहे।

पशु चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ड्यूटी मजिस्ट्रेट रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता

के रिश्तेदार लक्ष्मी नारायण मित्तल के पक्ष में उपायुक्त की अदालत की ओर से 33 लाख

रुपये का भूमि अधिग्रहण मुआवजा जारी करने के आदेश दिए गए थे। विभाग की ओर से करीब

32 लाख रुपये की राशि पहले ही जारी की जा चुकी थी, जबकि एक लाख रुपये की अंतिम बकाया

राशि जारी होना बाकी थी। आरोप है कि इस राशि को जारी करने के बदले पटवारी भूप सिंह

शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी एसीबी को दी। शिकायत की जांच के बाद एसीबी

ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही शिकायतकर्ता

ने पटवारी भूप सिंह को 10 हजार रुपये दिए, पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने तुरंत

कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम

भी बरामद कर ली। आरोपी

से पूछताछ की जा रही है और रिश्वतखोरी के इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच

की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story