हिसार-अग्रोहा के बीच शुरू होगी इलैक्ट्रिक सिटी बस सेवा, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

WhatsApp Channel Join Now

10 रुपये से लेकर 45 रुपये तक होगा किराया, सुबह 6.30 बजे से शुरू होगा संचालन

यात्रियों की मांग और क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए शुरू की सेवा : टीएम

हिसार, 24 जून (राजेश्वर बैनीवाल)। हिसार से अग्रोहा के बीच सफर करने वाले यात्रियों के

लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा रोडवेज का हिसार डिपो गुरुवार से हिसार-अग्रोहा मार्ग

पर इलैक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू करेगा। इस नई सुविधा से प्रतिदिन आवागमन करने वाले

विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मरीजों और आम यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा। बस सेवा शुरू

होने से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और लोगों को सस्ती तथा सुविधाजनक सार्वजनिक

परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिटी बस का संचालन सुबह 6:30 बजे से शुरू होगा।

बसें दिनभर निर्धारित समय के अनुसार हिसार और अग्रोहा के बीच चलेंगी। रोडवेज की ओर

से हिसार से चार फेरे तथा अग्रोहा से भी चार फेरे संचालित किए जाएंगे, जिससे यात्रियों

को नियमित अंतराल पर बस उपलब्ध हो सकेगी।

न्यूनतम किराया 10 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि अधिकतम किराया 45 रुपये तक रहेगा। इससे

आम लोगों को किफायती दरों पर यात्रा करने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से अग्रोहा मेडिकल

कॉलेज एवं अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को इस सेवा से काफी सुविधा

मिलेगी। हिसार और अग्रोहा के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं,

रोजगार और अन्य कार्यों के लिए यात्रा करते हैं। अब तक कई यात्रियों को निजी वाहनों

या अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था। रोडवेज की नई सिटी बस सेवा शुरू होने से उनकी

यात्रा अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सस्ती हो जाएगी।

यात्रियों की मांग पर लिया फैसला : टीएम

यातायात प्रबंधक प्रीतम कुमार ने बताया कि यात्रियों की मांग और क्षेत्र की

जरूरत को देखते हुए यह सेवा शुरू की जा रही है। यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो

भविष्य में बसों के फेरों में भी बढ़ोतरी की जा सकती है।

यह रहेगा बस का समय

सिटी बस सेवा सुबह 6.30 बजे हिसार से चलेगी और वापसी में 7.30 बजे अग्रोहा

से आएगी। इसी तह दूसरा टाइम 8.30 बजे हिसार से और 9.30 बजे अग्रोहा से होगा। दोपहर

के समय 12.30 बजे हिसार से, 1.30 बजे अग्रोहा से, 2.30 बजे हिसार से व 3.30 बजे अग्रोहा

से यह सिटी बस चलेगी।

यह रहेगी किराया दरें

यातायात प्रबंधक प्रीतम कुमार ने बताया कि हिसार से अग्रोहा का किराया 45 रुपये

होगा। किराए का विवरण देते हुए उन्होंने बताया कि हिसार बस अड्डा से सिविल अस्पताल,

सेक्टर 14, सिरसा चुंगी व बगला मोड़ तक किराया 10 रुपये रहेगा। बीएसएफ कैंप तक 25 रुपये,

दुर्जनपुर 30 रुपये, चिकनवास व लांधड़ी के 35 रुपये, अग्रोहा मोड़, अग्रोहा बस अड्डा

व अग्रोहा मेडिकल कॉलेज तक किराया 45 रुपये होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story