सिरसा: दंपति को बंधक बनाकर लूटपाट करने वालों की पुलिस ने करवाई परेड

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: दंपति को बंधक बनाकर लूटपाट करने वालों की पुलिस ने करवाई परेड


सिरसा, 11 अप्रैल (हि.स.)। सिरसा जिले के गांव ढुकड़ा में दंपति को बंधक बनाकर लूटपाट करने के आरोप में पकड़े गए तीन आरोपियों की शनिवार को गांव जामल में परेड निकाली। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गांव के बस अड्डा से लेकर में पूरे गांव में घुमाया। गौरतलब है कि पुलिस ने गांव ढुकड़ा में हुई लूट की वारदात को सुलझा लिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

जमाल पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि ढुकड़ा निवासी गोपीराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन नकाबपोश युवक उसकी ढाणी में घुस आए। आरोपियों ने उसे और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की तथा दोनों को कमरे में बंधक बना दिया। इसके बाद आरोपियों ने घर की तलाशी ली, लेकिन कोई कीमती सामान न मिलने पर उसकी पत्नी के कानों की बालियां और नाक का कोका छीन लिया। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

पीडि़त की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान जमाल पुलिस चौकी की टीम ने महत्वपूर्ण सुराग जुटाते हुए तीन युवकों को गांव बकरियांवाली से काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों दीपक, मदन और जगदीप की पूरे गांव में परेड करवाई गई। आरोपियों में एक युवक गांव का ही निकला जिसने इस घटना की योजना बनाई। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story