पानीपत में ट्रैफिक की समस्या से मिलेगी निजात,बनेगा रिंग रोड

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 16 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर पानीपत के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने से जुड़ी पांच महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्ताव उनके समक्ष रखे। ढांडा की इन मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सभी पांचों परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

मुलाकात के उपरांत शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री के समक्ष शहर की ट्रैफिक समस्या के स्थायी समाधान हेतु पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें शहर से भारी वाहनों का दबाव कम करने के लिए रिंग रोड के निर्माण, सेक्टर-13-17 फ्लाईओवर से बाबरपुर फ्लाईओवर तक नए फ्लाईओवर के साथ-साथ एल्डिको के सामने अंडरपास बनाने का प्रस्ताव प्रमुख है। इसके अतिरिक्त, बरसत रोड से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों की सुविधा के लिए पानीपत फ्लाईओवर पर एंट्री रैंप तथा नाथू स्वीट्स के सामने एग्जिट रैंप बनाने की मांग भी रखी गई, ताकि लोगों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

किसानों और व्यापारियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ढांडा ने बाबरपुर मंडी के सामने एक नए फ्लाईओवर के निर्माण तथा जी.टी. रोड पर पानीपत अनाज मंडी के सामने दोनों तरफ सुरक्षित यू-टर्न बनाने का प्रस्ताव भी केंद्रीय मंत्री को सौंपा। शिक्षामंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से शहरवासियों, किसानों और आढ़तियों को रोजमर्रा के जाम से बड़ी राहत मिलेगी और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778177 Articles

Share this story