पानीपत: कांवडियो की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक ने बनाई रणनीति

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: कांवडियो की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक ने बनाई रणनीति


पानीपत, 02 अगस्त (हि.स.)। पानीपत में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। रविवार को पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की एक अहम बैठक ली। बैठक में कांवड़ यात्रा मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट, संवेदनशील स्थानों की ट्रैकिंग, इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की बिंदुवार चर्चा को गई।

बैठक के दौरान एसपी भूपेंद्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के संपूर्ण मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाए। भीड़भाड़ वाले और अति-संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं। एसपी भूपेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया, कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उन्हें बिना किसी बाधा के मार्ग उपलब्ध कराना पानीपत पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, सड़क दुर्घटना या कानून-व्यवस्था बिगड़ने जैसी स्थिति पैदा न हो, इसके लिए सभी पुलिस अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ धरातल पर मुस्तैद रहें। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर पुलिस की लगातार गश्त सुनिश्चित की जाए। मुख्य मार्गों व चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे पैनी नजर रखी जाए। इसी के चलते 30 जुलाई से 11 अगस्त कावड़ यात्रा समापन तक पानीपत की और से सनौली होते हुए कैराना यूपी जाने वाले भारी वाहनों का रूट भी डायवर्ट किया गया है। भारी वाहन पानीपत से घरौंडा, करनाल से सहारनपुर यूपी में प्रवेश करें। इसी के साथ जब यात्रा अंतिम चरण में होगी तब जरूरत के अनुसार अन्य मार्गों पर भी वाहनों का रूट डावर्ट किया जाएगा। इस उच्चस्तरीय बैठक में एएसपी हर्षित गोयल, डीएसपी मुख्यालय विकास कुमार, डीएसपी सुरेश कुमार सैनी, डीएसपी नरेंद्र कादियान, डीएसपी मुकेश कुमार, डीएसपी प्रणय कुमार सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, क्राइम यूनिट प्रभारी, पुलिस चौकी इंचार्ज और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story