पलवल के रजपुरा में मां-बेटे की मौत से हड़कंप, पति पर गला दबाकर हत्या का आरोप
पलवल, 20 अगस्त (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के गांव रजपुरा में बुधवार देर रात 23 वर्षीय विवाहिता और उसके 40 दिन के शिशु की मौत से हडकंप मच गया। मायके पक्ष ने महिला के पति पर नशे की हालत में पत्नी और बच्चे की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पति घर की छत से कूद गया, जिससे वह घायल हो गया। उसका जिला नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मृतका की पहचान गांव रजपुरा निवासी शगुफ्ता के रूप में हुई है। उसकी शादी 20 अप्रैल 2023 को सोहेल खान पुत्र यतीम खान के साथ हुई थी। सोहेल गांव में सीएससी सेंटर चलाता है। मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि सोहेल ने नशे की हालत में किसी बात पर गुस्सा होकर शगुफ्ता और उसके 40 दिन के बच्चे की जान ले ली। अस्पताल में उपचाराधीन सोहेल ने कथित तौर पर पुलिस के समक्ष कहा कि वह नशे में था और रात को किसी बात को लेकर उसे गुस्सा आ गया था। उसने अपने किए पर पछतावा जताते हुए सख्त सजा दिए जाने की बात भी कही। हालांकि, पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही शगुफ्ता के मायके पक्ष के लोग जिला नागरिक अस्पताल पहुंच गए। मृतका की बहन, भाई और अन्य परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा मारपीट करने के आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि शादी के समय करीब चार लाख रुपये नकद के अलावा काफी सामान दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से बार-बार नई मांगें की जाती रहीं।
परिजनों के अनुसार, बच्चे के जन्म के बाद भी ससुराल पक्ष को एसी समेत अन्य सामान दिया गया था, लेकिन शगुफ्ता को प्रताड़ित करना बंद नहीं हुआ। घटना से आक्रोशित परिजनों और महिलाओं की भीड़ ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। लोगों ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए शवों को स्ट्रेचर सहित सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
सदर थाना प्रभारी हरकिशन ने गुरुवार को बताया कि मृतका के परिवार की ओर से अभी लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलते ही उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मर्चरी में रखवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों तथा घटना की परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा। घायल सोहेल का अस्पताल में उपचार चल रहा है और मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

