पंचकूला में कांग्रेस उम्मीदवार ने किया नामांकन, हुड्डा गुट ने बनाई दूरी

WhatsApp Channel Join Now
पंचकूला में कांग्रेस उम्मीदवार ने किया नामांकन, हुड्डा गुट ने बनाई दूरी


प्रदेश अध्यक्ष, सैलजा व रणदीप तो पहुंचे पर स्थानीय सांसद रहे दूर

चंडीगढ़, 24 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के पंचकूला नगर निगम चुनाव के दौरान कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर से सामने आ गई। शुक्रवार को नगर निगम चुनाव के दौरान मेयर पद की प्रत्याशी सुधा भारद्वाज के नामांकन कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट के सभी नेता गायब रहे। अंबाला के सांसद वरूण चौधरी के हवाले से पहले ही समाचार सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था कि वह नामांकन में शामिल नहीं होंगे।

पंचकूला नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मेयर पद उम्मीदवार श्रीमती सुधा भारद्वाज सहित समस्त 20 वार्ड प्रत्याशियों का नामांकन पत्र दाखिल कराया। इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की उपस्थिति में नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई। गाडिय़ों का काफिला लेकर सुधा भारद्वाज नामांकन स्थल पर पहुंची। जहां उन्होंने नामांकन दाखिल किया।

नामांकन दाखिल करते समय अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा तथा रणदीप सिंह सुरजेवाला एवं स्थानीय विधायक चंद्रमोहन ने इस अवसर पर उपस्थित जनसभा को संबोधित किया और कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार को भारी बहुमत से जीतने की अपील की।

चंडीगढ़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरमोहिन्दर सिंह लक्की, राज्यसभा सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध, विधायक अकरम खान,पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, शमशेर सिंह गोगी, जसबीर मलौर, हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी समेत कई नेता मौजूद रहे लेकिन हुड्डा गुट के नेताओं की गैरहाजिरी आज चर्चा का विषय रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story