साइबर ठगी से कैथल की पंचायतों व सरकारी संस्थाओं के खातों से छह करोड़ गायब

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 27 नवंबर (हि.स.)। जिले में साइबर ठगी के जरिए ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषद के बैंक खातों से करोड़ों रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की राशि खातों से निकाली जा चुकी है।

इसमें सात पंचायत समितियों से तीन करोड़ 76 लाख 9 हजार 789 रुपये और 13 पंचायतों से एक करोड़ 64 लाख 91 हजार 206 रुपये की निकासी सामने आई है। वहीं गांव पाई की पंचायत के खाते से भी एक करोड़ 82 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली है। पंचायतों का पूरा डाटा आने के बाद यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।

पंचायती राज विभाग के अधिकारी सभी बीडीपीओ से रिपोर्ट जुटा रहे हैं। जिले में कुल 277 ग्राम पंचायतें हैं, जिनके बैंक खातों की जांच की जा रही है। कुछ समय पहले ही स्टेट फाइनेंस कमीशन की तीसरी किस्त के तहत जिले को करीब आठ करोड़ रुपये मिले थे। ऐसे में सरकारी विकास कार्यों के लिए जारी राशि की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

अब तक मिले आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक दाे करोड़ 80 लाख रुपये ढांड पंचायत समिति के खाते से निकाले गए हैं। इसके अलावा सीवन पंचायत समिति से 9 लाख 90 हजार, राजौंद से एक लाख 30 हजार, गुहला से 40 लाख और कलायत से 74 हजार रुपये निकाले गए हैं। जिला परिषद के खाते से भी 37 लाख 21 हजार रुपये की अवैध निकासी सामने आई है।

ओटीपी और मैसेज के बिना निकली रकम

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि खातों से लाखों और करोड़ों रुपये निकलने के बावजूद संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के मोबाइल पर कोई ओटीपी या ट्रांजेक्शन मैसेज नहीं आया। इन पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषद के खाते पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में हैं। गांव पाई की सरपंच राजबाला के अनुसार पंचायत ने कुछ माह पहले ही पीएनबी में खाता खुलवाया था, लेकिन खाते से एक करोड़ 82 हजार रुपये निकाल लिए गए। पंचायती राज विभाग ने प्रदेश की सभी जिला परिषदों, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों से उनके बैंक खातों की जानकारी मांगी है, ताकि अवैध निकासी की वास्तविक राशि का पता लगाया जा सके।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गुलजार मलिक ने बताया कि पंचायत समितियों के खातों से निकाली गई राशि का डाटा प्राप्त हो चुका है। ग्राम पंचायतों का पूरा ब्यौरा जुटाने के लिए सभी बीडीपीओ को अपने अधीन आने वाली पंचायतों के खातों से हुई निकासी की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद कुल राशि का सही आंकड़ा सामने आएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784272 Articles

Share this story