पलवल के शहीद काे राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

WhatsApp Channel Join Now
पलवल के शहीद काे राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई


पलवल, 11 मई (हि.स.)। पलवल जिला के गांव गुदरना के वीर सपूत और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के जवान स्वर्गीय राज कुमार का सोमवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जैसे ही शहीद जवान की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हजारों ग्रामीणों, जिला के प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय राज कुमार बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स की 148 बटालियन में सिपाही के पद पर तैनात थे।

वह पश्चिम बंगाल में ड्यूटी के दौरान देश सेवा का दायित्व निभा रहे थे। जानकारी के अनुसार 9 मई 2026 को ड्यूटी के दौरान ही वे वीरगति को प्राप्त हो गए थे। सिपाही राज कुमार की वीरगति की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया।

अंतिम संस्कार के दौरान जिला प्रशासन की ओर से जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जवानों ने सलामी देकर अपने साथी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान “राज कुमार अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। गांव के लोगों ने कहा कि राज कुमार ने हमेशा देश सेवा को सर्वोपरि रखा और अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया। इस अवसर पर होडल के विधायक हरेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story