पलवल : राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन की टक्कर से युवक की मौत, दोस्त घायल

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग -19 पर बंचारी गांव के निकट केसीएम स्कूल के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। दोनों उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के इस्मायलपुर गांव से नोएडा जा रहे थे। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मुंडकटी थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जिला इटावा के इस्मायलपुर गांव निवासी चंद्रप्रकाश ने शिकायत में बताया कि उनका बेटा निखिल कुमार अपने साथी विकास के साथ बाइक पर सवार होकर नोएडा के लिए निकला था। रात करीब साढ़े आठ बजे जब वे बंचारी गांव के निकट केसीएम स्कूल के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे के समय विकास बाइक चला रहा था, जबकि निखिल पीछे बैठा हुआ था। टक्कर लगने से निखिल सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद वाहन चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवकों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने निखिल को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन जिला नागरिक अस्पताल पहुंच गए।

मुंडकटी थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच अधिकारी हवलदार कर्मबीर के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

थाना प्रभारी कैलाश भड़ाना ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित होटलों सहित अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764371 Articles

Share this story