पलवल : दस्तावेज की जांच पर खुला चोरी की बुलेट का राज

WhatsApp Channel Join Now


पलवल, 05 अक्टूबर (हि.स.)। चोरी की बुलेट बाइक पर दूसरी बाइक की नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे एक युवक को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बुलेट बरामद कर ली है। जांच में सामने आया कि बुलेट दिल्ली से चोरी की गई थी और आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए उस पर दूसरी बाइक का नंबर लगा रखा था।

सदर थाना प्रभारी रवि ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि एसआई टेक सिंह की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बुलेट बाइक पर पलवल से बामनीखेड़ा गांव की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अटोहा मोड़ के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस ने पलवल की ओर से आ रही बुलेट को रोक लिया। बाइक सवार से वाहन के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में उसने अपना नाम पिंगोर गांव निवासी नीरज बताया। पुलिस ने बाइक के नंबर की जांच की तो नंबर किसी अन्य बाइक के नाम पर दर्ज मिला। इसके बाद बुलेट की जांच करने पर पता चला कि वह दिल्ली से चोरी की गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी की बाइक की पहचान छिपाने और पकड़े जाने से बचने के लिए उस पर दूसरी बाइक का नंबर लगा रखा था।

पुलिस ने बुलेट को कब्जे में लेकर आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बुलेट चोरी की वारदात में आरोपी की क्या भूमिका थी और उसने यह बाइक किससे हासिल की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story