पलवल :फर्जी सेल्स टैक्स अधिकारी बनकर सरिया से भरा ट्राला लूटने के दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पलवल :फर्जी सेल्स टैक्स अधिकारी बनकर सरिया से भरा ट्राला लूटने के दो आरोपी गिरफ्तार


पलवल :फर्जी सेल्स टैक्स अधिकारी बनकर सरिया से भरा ट्राला लूटने के दो आरोपी गिरफ्तार


पलवल, 16 सितंबर (हि.स.)। सोहना रोड पर ट्राला चालक का अपहरण कर सरिया से भरा ट्राला लूटने के मामले में पलवल सीआईए की टीम ने दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरीदाबाद के करनेरा गांव निवासी अमित कुमार और मानस के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दुधौला फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

सीआईए प्रभारी जगमिंद्र सिंह ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि 10 सितंबर को दिल्ली निवासी योगेश गुप्ता ने शहर थाना पलवल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार उनका 18 टायरी ट्राला बोकारो, झारखंड से करीब 41.4 मीट्रिक टन सरिया लेकर आ रहा था। सोहना रोड पर बोलेरो सवार बदमाशों ने ट्राला रुकवा लिया।

बदमाशों ने खुद को सेल्स टैक्स विभाग का अधिकारी बताया और ट्राला चालक मुबारक खान के साथ मारपीट की। इसके बाद उसका मोबाइल फोन और पर्स छीन लिया। आरोपियों ने हथियार के बल पर चालक का अपहरण कर लिया और उसे राजस्थान के पिरुका गांव की पहाड़ियों में ले जाकर छोड़ दिया। इसके बाद बदमाश सरिया से भरा ट्राला लेकर फरार हो गए।

वारदात की सूचना मिलने के बाद शहर थाना पुलिस ने खाली ट्राला पलवल-रोहतक रोड से बरामद किया। इसके बाद सीआईए पलवल की टीम ने मामले की जांच करते हुए वारदात में शामिल दो आरोपियों जलालुद्दीन और हुसैन को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया सरिया और वारदात में इस्तेमाल किया गया दूसरा ट्राला भी बरामद किया था।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और सरिया लोड करने वाले गोदामों का पता लगाने के लिए दोनों आरोपियों को अदालत से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में अमित कुमार और मानस के नाम सामने आए।

इसके बाद सीआईए टीम ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें दुधौला फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल बोलेरो गाड़ी बरामद करने, वारदात स्थल की निशानदेही कराने और मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगाने के लिए पूछताछ कर रही है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story