पलवल : स्मैक और गांजा सप्लाई करने वाले दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 19 जून (हि.स.)। जिला सीआईए होडल पुलिस ने नशा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

सीआईए होडल प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि पहला मामला 4 जून का है। बहीन थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान बाइक सवार आबिद और अकीम को 50 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। मामले की जांच के दौरान पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर स्मैक सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी अजरुद्दीन को गिरफ्तार किया गया। आरोपी गांव गुराकसर का निवासी है।

उन्होंने बताया कि दूसरा मामला 6 अप्रैल 2025 का है। होडल थाना क्षेत्र में रेलवे रोड सर्विस रोड के पास पुलिस ने प्रकाश सिंह नामक आरोपी को बाइक पर 17 किलो 300 ग्राम गांजा पत्ती के साथ गिरफ्तार किया था। मामले की जांच के दौरान गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी रफीक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी रफीक हसनपुर क्षेत्र के गांव झुंडवास का निवासी है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। वहीं आरोपी रफीक के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित कई मामले दर्ज हैं।

सीआईए होडल प्रभारी ने बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story