पलवल :आई-20 में ठूंसकर ले जा रहे थे तीन गोवंश, दो तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पलवल :आई-20 में ठूंसकर ले जा रहे थे तीन गोवंश, दो तस्कर गिरफ्तार


पलवल :आई-20 में ठूंसकर ले जा रहे थे तीन गोवंश, दो तस्कर गिरफ्तार


पलवल, 09 सितंबर (हि.स.)। मुंडकटी थाना पुलिस ने गोवंश तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन गोवंश और फर्जी नंबर प्लेट लगी आई-20 कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों के दो अन्य साथियों में से एक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

मुंडकटी थाना प्रभारी कैलाशचंद ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग आई-20 कार में गोवंश भरकर औरंगाबाद से गहलव गांव की ओर जाने वाले रास्ते से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए रास्ते पर नाकाबंदी कर जांच शुरू की।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को रोक लिया और उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं, उनका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हसनपुर क्षेत्र के मोहरू का नंगला निवासी हम्मन उर्फ अलाउद्दीन और पीरगढ़ी निवासी फारुक के रूप में हुई है। फरार आरोपित की पहचान हथीन क्षेत्र के उटावड़ निवासी जमशेद उर्फ जम्मी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार कार की तलाशी लेने पर उसमें तीन गोवंश मिले। इनमें एक बछड़ा, एक सांड और एक गाय शामिल है। पुलिस का कहना है कि गोवंश के मुंह और पैर रस्सियों से बांधे गए थे। कार पर लगी नंबर प्लेट एचआर-70A-9997 की जांच करने पर वह फर्जी पाई गई। इस संबंध में सिविल लाइन पलवल निवासी शैलेंद्र की शिकायत पर मुंडकटी थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story