पलवल : फर्जी आईबी अधिकारी बन सरपंच प्रतिनिधि को दी क्लीन चिट, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पलवल : फर्जी आईबी अधिकारी बन सरपंच प्रतिनिधि को दी क्लीन चिट, दो गिरफ्तार


पलवल, 25 अक्टूबर (हि.स.)। सोशल मीडिया पर खुफिया ब्यूरो (आईबी) की ओर से सरपंच प्रतिनिधि को भ्रष्टाचार के आरोपों में क्लीन चिट देने का पत्र प्रसारित होने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने फर्जी पहचान पत्र और जांच रिपोर्ट तैयार कर खुफिया ब्यूरो के नाम का दुरुपयोग किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से फर्जी पहचान पत्र, जांच रिपोर्ट से जुड़े दस्तावेज और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को पलवल की आदर्श कॉलोनी निवासी गोविंद कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। सोशल मीडिया पर एक पत्र प्रसारित हो रहा था, जिसमें आलीमेव ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि मोहम्मद यासीर को भ्रष्टाचार के आरोपों में खुफिया ब्यूरो की ओर से क्लीन चिट दिए जाने का उल्लेख था। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू की।

बहीन थाना पुलिस और अपराध जांच शाखा पलवल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान 23 अक्टूबर को पावसर गांव निवासी मोहम्मद यासीर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से खुफिया ब्यूरो का फर्जी पहचान पत्र और एक आइफोन बरामद किया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर फर्जी जांच रिपोर्ट से संबंधित दस्तावेज और दो अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने आलीमेव गांव निवासी यासीर अराफात को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस प्रकार पुलिस ने मामले में कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

बहीन थाना प्रभारी रतनपाल ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित पत्र में सरपंच प्रतिनिधि को भ्रष्टाचार के आरोपों में क्लीन चिट दिए जाने का दावा किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध जांच शाखा पलवल के प्रभारी नरेंद्र कुमार की टीम और बहीन थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच की। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि खुफिया ब्यूरो का अधिकारी दर्शाने के लिए फर्जी पहचान पत्र और जांच रिपोर्ट तैयार की गई थी। आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य बरामद करने के बाद दोनों आरोपितों को हथीन स्थित अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766582 Articles

Share this story