पलवल : नीलगाय से बचने में पलटा ट्रैक्टर, किसान की मौत

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 11 सितंबर (हि.स.)। पलवल जिले के उपमंलडल हथीन के बहीन थाना क्षेत्र में नीलगाय से बचने के प्रयास में ट्रैक्टर पलटने से उसके नीचे दबकर किसान की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब किसान खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रहे थे। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बहीन थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि घुड़ावली गांव निवासी तस्लीम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने पिता उमर मोहम्मद के साथ ट्रैक्टर से खेतों में पशुओं के लिए ज्वार का चारा लेने गया था। चारा लेकर वापस लौटते समय सेवली रोड के पास अचानक एक नीलगाय ट्रैक्टर के सामने आ गई। नीलगाय से टक्कर से बचने के प्रयास में ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। ट्रैक्टर का एक पहिया खेत की मेड़ पर चढ़ गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तस्लीम उछलकर दूर जा गिरा, जबकि उसके पिता उमर मोहम्मद ट्रैक्टर के नीचे दब गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और तस्लीम ने काफी प्रयास कर ट्रैक्टर को उठाया और उमर मोहम्मद को बाहर निकाला। उन्हें उपचार के लिए पलवल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने पर डायल-112 और बहीन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एएसआई सुखबीर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के बेटे के बयान पर कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story