पलवल : केएमपी पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार सुपरवाइजर की मौत
पलवल, 08 अगस्त (हि.स.)। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक निजी कंपनी के सुपरवाइजर की शनिवार को मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के नंगला सुखराम गांव निवासी रामगोपाल के रूप में हुई है। वह मानेसर स्थित एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। कैंप थाना पुलिस ने मृतक के छोटे भाई की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रामगोपाल बाइक से अपनी ड्यूटी के लिए घर से मानेसर की तरफ जा रहा था। जब वह केएमपी एक्सप्रेस-वे पर पलवल से मानेसर की ओर बढ़ रहा था, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामगोपाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया।
हादसे की सूचना मिलने पर कैंप थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसआई सचिन ने एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और हादसे की सूचना मृतक के स्वजन को दी। अस्पताल पहुंचे मृतक के छोटे भाई कृष्णा ने शव की पहचान रामगोपाल के रूप में की।
कृष्णा की शिकायत के आधार पर कैंप थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच करने के साथ ही फरार चालक और वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

