पलवल चीनी मिल में डीसी ने किया औचक निरीक्षण,कई कर्मचारी मिले अनुपस्थित

WhatsApp Channel Join Now
पलवल चीनी मिल में डीसी ने किया औचक निरीक्षण,कई कर्मचारी मिले अनुपस्थित


पलवल, 23 जून (हि.स.)। उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने मंगलवार सुबह पलवल चीनी मिल का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने सबसे पहले चीनी मिल के हाजिरी रजिस्टरों की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर उपस्थिति और अवकाश संबंधी प्रविष्टियां सही ढंग से दर्ज नहीं की गई थीं। कुछ कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित मिले, जबकि कुछ के अवकाश दर्ज थे। उपायुक्त ने संबंधित कर्मचारियों के अवकाश अभिलेख भी तलब किए और पूरी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डॉ. छिल्लर ने प्रबंध निदेशक द्विजा को निर्देश दिए कि एक जून से अब तक अनुपस्थित रहे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का विस्तृत ब्यौरा तैयार कर उन्हें उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व अनुमति या उचित कारण के अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए तथा लंबे समय से गैरहाजिर कर्मियों के खिलाफ आरोप पत्र जारी कर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न शाखाओं और कक्षों का भी दौरा किया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों से उनके कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की। कुछ कैमरे बंद पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करते हुए उन्हें तुरंत चालू कराने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story