पलवल : तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों व कार को रौंदा, दंपति समेत तीन घायल
पलवल, 22 जुलाई (हि.स.)। पलवल-नूंह मार्ग पर सेंट एंथनी स्कूल के सामने देर रात को तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने दो बाइकों व एक कार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दंपती की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बुधवार काे घायल की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव आलदोका निवासी कुंवर चंद ने बताया कि वह अपनी पत्नी राजेश के साथ बाइक से पलवल से गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक पलवल-नूंह रोड स्थित सेंट एंथनी स्कूल के सामने पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार सफेद कार ने पहले आगे चल रही एक बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद कार उनकी बाइक से भी जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद भी कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और आगे जाकर एक अन्य कार से भी भिड़ गया। इस दुर्घटना में नूंह निवासी राजन भी घायल हो गया। राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद कुंवर चंद और उनकी पत्नी को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शहर थाना प्रभारी नरेंद्र राणा ने बताया कि घायल कुंवर चंद की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कार के नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

