पलवल : सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक : गौरव गौतम
पलवल, 11 मई (हि.स.)। सोमनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को पलवल के प्राचीन श्री जंगेश्वर महादेव मंदिर परिसर में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-1000 वर्ष अखंड आस्था’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान भगवान शिव की लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारतीय संस्कृति, आत्मसम्मान और सनातन आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और इतिहास से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत की आस्था, संघर्ष और पुनर्निर्माण की जीवंत गाथा है। कार्यक्रम से पूर्व महिलाओं द्वारा प्राचीन पथवारी देवी मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल महिलाओं का श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस अवसर पर व्यास वासुदेव श्री कृष्ण की महाराज, श्री जंगेश्वर महादेव मंदिर समिति के प्रधान राकेश शर्मा (रक्की), उप-प्रधान हरीश सिंगला, सचिव अनिल शर्मा सहित समिति के सभी अन्य पदाधिकारी व सदस्य, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं, युवाओं तथा सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

