पलवल : जनसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा सेवा संकल्प अभियान : कृष्णपाल गुर्जर

WhatsApp Channel Join Now
पलवल : जनसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा सेवा संकल्प अभियान : कृष्णपाल गुर्जर


पलवल, 29 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के उपलक्ष्य में देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मंगलवार को पलवल स्थित डा. बीआर अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने नमो वाटिका में पौधारोपण किया। इस दौरान करीब 100 पौधे लगाए गए। उन्होंने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर भी जोर दिया।

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा को समर्पित कार्यकाल के उपलक्ष्य में देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्वच्छता अभियान, रंगोली, चित्रकला, भाषण, सेवा सेतु शिविर, नुक्कड़ नाटक, पौधारोपण, रक्तदान और स्वास्थ्य जांच शिविर सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक सेवा, जनभागीदारी और जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने महाविद्यालय परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में भाग लिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या कर्मचारी की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना और कूड़े का उचित निस्तारण करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा।

इस अवसर पर उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, पूर्व विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक मंगला, जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, वरिष्ठ भाजपा नेता सतबीर सिंह पटेल, नप पलवल चेयरमैन डा. यशपाल, जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा, डीएफओ सुरेश कुमार पुनिया, वीरेंद्र शर्मा सहित अन्य भाजपा नेता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story