पलवल में स्कूल फिर बना निशाना: 15 दिन में दूसरी चोरी, सामान जलाकर फरार हुए चोर

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 25 मार्च (हि.स.)। जिले के मितरोल गांव स्थित शहीद बदन सिंह मिडल स्कूल में चोरों ने एक बार फिर धावा बोलते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि 15 दिन के भीतर यह दूसरी चोरी है, जिससे स्कूल प्रशासन में रोष और दहशत का माहौल है।

स्कूल के हेडमास्टर राजबहादुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह जब वे स्कूल पहुंचे तो कार्यालय का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर का सामान पूरी तरह बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि स्कूल से एलईडी टीवी, दो बैटरियां, एक इन्वर्टर, एक टेबल और एक गैस सिलेंडर चोरी हो चुके हैं। हेडमास्टर ने बताया कि चोरों ने केवल चोरी ही नहीं की, बल्कि कुछ सामान को तोड़कर जला भी दिया। यहां तक कि पुलिस को दी गई पिछली शिकायत की रसीद भी अधजली अवस्था में मिली है।

गौरतलब है कि इससे पहले 9 मार्च को भी इसी स्कूल में चोरी की घटना हुई थी, जिसमें लाइब्रेरी और खेल सामग्री चोरी हुई थी। उस मामले की शिकायत भी मुंडकटी थाना पुलिस को दी गई थी, लेकिन आरोपियों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

घटना की सूचना मिलते ही मुंडकटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया गया है।

थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story