पलवल : पुलिस पर फायरिंग करने वाला लुटेरा मुठभेड़ में दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
पलवल : पुलिस पर फायरिंग करने वाला लुटेरा मुठभेड़ में दबोचा


पलवल, 20 नवंबर (हि.स.)। पलवल जिले के हसनपुर मार्ग पर पिंगौड़ नाले के पास पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दिघौट गांव निवासी देवा के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से देसी कट्टा और दो खाली खोल बरामद किए हैं। आरोपी की चार दिन पहले हुई तीन लूट की वारदातों और डायल-112 पर तैनात पुलिसकर्मी को गाड़ी से टक्कर मारने के मामले में तलाश थी।

डीएसपी मुख्यालय नरेंद्र खटाना ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस चार दिन पहले हुई लूट की तीन घटनाओं और डायल-112 पर तैनात पुलिसकर्मी को वाहन से टक्कर मारने के मामले में आरोपियों की तलाश कर रही थी। पुलिसकर्मी को जान से मारने की नीयत से टक्कर मारने का आरोप है।

मुखबिर से सूचना मिली कि हसनपुर रोड पर पिंगौड़ के पास नाले की पटरी पर बने कोठड़े में एक युवक हथियार लेकर छिपा हुआ है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलने पर सीआईए पलवल और सीआईए होडल की दो टीमों ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस के अनुसार, एक टीम ने युवक को पुलिस होने की जानकारी देते हुए आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने बचाव में हवाई फायर कर चेतावनी दी, मगर आरोपी ने फिर दो फायर किए। दूसरी टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने दूसरी दिशा में फायर करने के लिए हथियार तान दिया। पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में इंस्पेक्टर ने सरकारी पिस्टल से आरोपी के पैरों की ओर गोली चलाई। गोली लगने से आरोपी जमीन पर गिर गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से देसी कट्टा और उसके चैंबर में एक जिंदा कारतूस मिला। घटनास्थल से दो खाली खोल भी बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर फायरिंग करने और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story