पलवल: भ्रष्टाचार और लापरवाही पर एसपी दीप्ति गर्ग ने अपनाया कड़ा रुख
पलवल, 17 नवंबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने मंगलवार काे कहा कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और कामकाज में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिस अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करें। लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटारा किया जाए। कार्य में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसपी दीप्ति गर्ग जिला पुलिस के अधिकारियों के साथ आयोजित अपराध समीक्षा बैठक को संबोधित कर रही थीं। बैठक में जिला पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने थाना स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति का जायजा लिया। एसपी ने अधिकारियों को आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने तथा पैरोल पर छूटे अपराधियों (पीओ) और जमानत पर रिहा होने के बाद फरार चल रहे आरोपियों (बेल जंपर) को गिरफ्तार करने के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएसपी मुख्यालय नरेंद्र सिंह खटाना, डीएसपी होडल सुरेश भड़ाना, डीएसपी हथीन रत्नदीप सिंह बाली, डीएसपी पलवल भारतेन्द्र सहित सभी थाना प्रभारी, क्राइम यूनिट प्रभारी और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

