पलवल में नर्सों ने दो घंटे किया विरोध प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 09 जून (हि.स.)। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया के कथित व्यवहार और टिप्पणियों के विरोध में मंगलवार को पलवल के नर्सिंग स्टाफ ने दो घंटे की सांकेतिक पेन डाउन हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन किया। नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले जिला नागरिक अस्पताल के मुख्य गेट पर धरना दिया गया और महिला आयोग की अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की गई।

नर्सिंग स्टाफ अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया कुरुक्षेत्र के सिविल अस्पताल में एक डॉक्टर से जुड़े दुष्कर्म मामले की जांच के लिए पहुंची थीं। आरोप है कि जांच के दौरान उन्होंने वहां तैनात नर्सिंग अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और महिला कर्मचारियों के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।

नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि महिला आयोग की अध्यक्ष द्वारा नर्सिंग स्टाफ पर आरोपी डॉक्टर का साथ देने का आरोप पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद है। उनका कहना है कि जिस डॉक्टर पर पहले से आपराधिक मामला दर्ज था, उसे दोबारा नियुक्त करने वाले संबंधित अधिकारी जिम्मेदार हैं, न कि नर्सिंग स्टाफ। दो घंटे तक चली पेन डाउन हड़ताल के कारण अस्पताल में आने वाले मरीजों को भी कुछ असुविधा का सामना करना पड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story