पलवल: सावी इंटरनेशनल कंपनी में आग से एक कर्मचारी झुलसा

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 05 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के घूघेरा क्षेत्र के पास स्थित सावी इंटरनेशनल कंपनी में गुुरूवार को लगी भीषण आग में एक कर्मचारी झुलस गया। जिसे गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार कंपनी में मारूति सहित अन्य ऑटोमोबाइल कंपनियों के स्पेयर पार्ट्स बनाए जाते हैं। दोपहर बाद अचानक फैक्ट्री परिसर से धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय कंपनी में कार्य चल रहा था। कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल बाहर निकलने का प्रयास किया गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया। फायर ऑफिसर लेखराम शर्मा और सहायक फायर ऑफिसर नवीन पाल ने बताया कि सूचना मिलते ही टीमें मौके पर पहुंच गईं और तब से लगातार आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। पलवल, होडल और हथीन से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। इसके अलावा निजी कंपनियों की दमकल गाड़ियां भी राहत कार्य में जुटी हुई हैं।

आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही हैं और आसपास के क्षेत्र में धुएं का घना गुबार छाया हुआ है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के चलते हादसा हुआ हो सकता है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story