पलवल : दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकाला, तीन तलाक की धमकी, पति समेत सात पर केस

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 05 मार्च (हि.स.)। जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र की मेव कॉलोनी निवासी एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और तीन तलाक देने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला थाना प्रभारी सीमा ने गुरूवार को बताया कि हसनपुर निवासी रुकसार ने शिकायत में बताया कि उसका निकाह 26 जुलाई 2020 को नूंह जिले के रोजका मेव गांव निवासी आरिज के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह में उसके माता-पिता ने करीब छह लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं था और दो लाख रुपये नकद की मांग करने लगा।

पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर पति और अन्य ससुरालजनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी तथा उसकी ज्वेलरी भी छीन ली। उसने बताया कि वर्ष 2022 में उसने एक बेटी और वर्ष 2023 में दूसरी बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार और अधिक खराब हो गया।

महिला का कहना है कि आरोपितों ने उससे तीन लाख रुपये और लाने की मांग की। जब वह रकम नहीं ला सकी तो उसे दोनों बेटियों सहित घर से निकाल दिया गया। इसके बाद से वह अपने मायके में रह रही है। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे तीन तलाक देने और जान से मारने की धमकी देता है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति आरिज, ससुर जमशेद, मामली, रहमत, हन्नी मिस्त्री सहित सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story