पलवल : दहेज में 10 लाख की मांग पर विवाहिता से मारपीट, पति के खिलाफ केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 20 मार्च (हि.स.)। शहर के कैंप थाना क्षेत्र की न्यू कॉलोनी एक्सटेंशन में दहेज के लिए नवविवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने शु्क्रवार को बताया कि न्यू कॉलोनी एक्सटेंशन निवासी विनिका ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी 20 फरवरी 2025 को सचिन के साथ हुई थी। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज से असंतुष्ट था और उससे 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी। इस दौरान ससुर देशराज, सास सावित्री और ननद नेहा द्वारा ताने दिए जाते थे।

पीड़िता ने बताया कि आंखों के ऑपरेशन के दौरान भी उसे ससुराल पक्ष से कोई सहयोग नहीं मिला। उसके पिता ने करीब 30 हजार रुपये खर्च कर उसका इलाज कराया, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला और दहेज की मांग जारी रही।

शिकायत के अनुसार, 26 अक्टूबर 2025 को जब वह अपने परिजनों के साथ ससुराल पहुंची तो उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

मामले की जांच एएसपी ममता खरब सहित अन्य अधिकारियों द्वारा की गई। जांच में ससुर, सास और ननद के खिलाफ आरोपों की पुष्टि नहीं हुई, जबकि पति सचिन द्वारा शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न के आरोप सही पाए गए। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story