पलवल: महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ इनेलो का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
पलवल: महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ इनेलो का प्रदर्शन


पलवल, 01 जून (हि.स.)। देश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों तथा बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर सोमवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत पार्टी नेताओं ने जिला उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर सरकार से महंगाई पर नियंत्रण और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व डबवाली से विधायक अदित्य देवीवाल ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए विधायक आदित्य देवीलाल ने कहा कि देश और प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल ईंधन ही नहीं, बल्कि दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दामों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण आम नागरिकों और गृहिणियों का घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सरकार को आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

विधायक आदित्य देवीलाल ने बेरोजगारी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश के युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं में असंतोष है और बड़ी संख्या में युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं होने के कारण युवाओं में निराशा बढ़ रही है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष महेंद्र चौहान, महिला जिला अध्यक्ष सुनीता सौरोत, रतन सिंह सौरोत, महावीर चौहान, जवाहर डागर, अजीत बाबी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story