पलवल : भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता:डॉ. अर्चना गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
पलवल : भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता:डॉ. अर्चना गुप्ता


पलवल, 18 जून (हि.स.)। हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद गुरुवार को पहली बार पलवल पहुंचने पर डॉ. अर्चना गुप्ता का पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। ब्रज की धरती पर आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और उत्साह को देखकर उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है और संगठन को मजबूत बनाना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा।

पलवल स्थित मोनार्क बैंक्वेट हॉल में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में हरियाणा सरकार में खेल मंत्री गौरव गौतम, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, होडल विधायक हरिंदर रामरतन, पूर्व मंत्री जगदीश नायर, पूर्व विधायक प्रवीण डागर, पूर्व विधायक दीपक मंगला , मनोज रावत जिला प्रभारी अरविंद यादव, हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष मेहरचंद तथा होडल मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन जगमोहन गोयल सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण को सर्वोच्च स्थान दिया जाता है। पार्टी का पहला उद्देश्य कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और संगठन में भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने हाल ही में हुए नगर पालिका और नगर परिषद चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है।

खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां हर कार्यकर्ता को सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story