पलवल : घर में चल रहा था अवैध ‘क्लिनिक’, दसवीं पास महिला अवैध गर्भपात करते गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पलवल : घर में चल रहा था अवैध ‘क्लिनिक’, दसवीं पास महिला अवैध गर्भपात करते गिरफ्तार


पलवल, 31 मार्च (हि.स.)। पलवल शहर के न्यू कृष्णा कॉलोनी स्थित मीट मार्केट क्षेत्र में अवैध रूप से गर्भपात कराने के मामले का स्वास्थ्य विभाग ने खुलासा किया है। एक दसवीं पास महिला अपने घर को ही क्लिनिक बनाकर गर्भपात और डिलीवरी जैसे गंभीर कार्य कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बोगस ग्राहक के जरिए छापेमारी कर आरोपी महिला को रंगे हाथों पकड़ लिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को मिली शिकायत के बाद डॉ. पंकज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई के तहत मंगलवार को एक महिला को नकली ग्राहक बनाकर आरोपी सुषमा के घर भेजा। आरोप है कि सुषमा ने ग्राहक से एक हजार रुपये लेकर गर्भपात की दवा दी और उसके सेवन की पूरी प्रक्रिया भी समझाई।

संकेत मिलते ही टीम ने मौके पर दबिश दी और तलाशी के दौरान चिन्हित नोटों के साथ गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली दवाइयां, इंजेक्शन, सिरिंज व अन्य उपकरण बरामद किए। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई, जिसे साक्ष्य के तौर पर पुलिस को सौंप दिया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी महिला के पास किसी प्रकार की मेडिकल डिग्री या वैध अनुमति नहीं थी, इसके बावजूद वह लंबे समय से इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रही थी। शहर थाना पुलिस ने आरोपी सुषमा के खिलाफ एमटीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story