पलवल : खेल मंत्री गौरव गौतम ने गौशालाओं को दी आर्थिक मदद

WhatsApp Channel Join Now
पलवल : खेल मंत्री गौरव गौतम ने गौशालाओं को दी आर्थिक मदद


पलवल, 05 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि गौ सेवा (गाय की सेवा) भारतीय संस्कृति में सबसे पवित्र कर्मों में से एक है, जिसे आध्यात्मिक उन्नति, मानसिक शांति और पुण्य प्राप्ति का साधन माना जाता है। प्रतिदिन पहली रोटी गाय को खिलाना (गौ ग्रास), गाय को चारा-पानी देना, घायल गायों का उपचार करना और गौशालाओं को सहयोग देना गौ सेवा के प्रमुख तरीके हैं। गौ सेवा गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास मानकर की जाती है। हरियाणा सरकार गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए कृतसंकल्प है, जिसके लिए सरकार द्वारा प्रदेश में हरियाणा गौ सेवा आयोग का गठन किया गया है।

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम मंगलवार को पलवल जिला की विभिन्न गौशालाओं को लगभग 17.63 लाख रुपए आर्थिक सहायता राशि के चेक प्रदान कर रहे थे। उन्होंने श्री श्री 1008 श्री बाबा बलराम दास गौशाला अलावलपुर को 14 लाख रुपए आर्थिक सहायता राशि, श्री राधे गौ सेवा समिति जोधपुर को 2 लाख 76 हजार रुपए आर्थिक सहायता राशि तथा श्री वृंदा गौशाला को 86 हजार 940 रूपए आर्थिक सहायता राशि के चेक प्रदान किए।

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय ही नहीं है, बल्कि यह समाज और मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को मातृत्व, करुणा और समृद्धि का प्रतीक माना गया है तथा गौ सेवा को सनातन संस्कारों का आधार माना गया है। गौ सेवा के माध्यम से न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित रहती है, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना भी सुदृढ़ होती है। इस अवसर पर संबंधित गौ सेवा समितियों के सदस्यों ने खेल राज्य मंत्री का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story