पलवल : पुलिस मुठभेड़ में चार बदमाश दबोचे, दो के पैरों में लगी गोली
पलवल, 06 मार्च (हि.स.)। पलवल पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी कट्टे, दो जिंदा कारतूस और चार खाली खोल बरामद किए गए हैं।
डीएसपी मुख्यालय अनिल कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार की टीम ने गांव थंतरी में हुई लूट की वारदात में शामिल चारों आरोपियों को काबू किया है। डीएसपी के अनुसार, गांव थंतरी निवासी मूलचंद अपने भतीजे के साथ वैगनआर कार में शादी का सामान लेकर बागपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में चार हथियारबंद युवकों ने फायरिंग कर उन्हें रोक लिया और हथियार के बल पर कार लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अमरपुर चौकी क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया।
देर रात सूचना मिली कि आरोपी कटेसरा गांव के जंगलों में छिपे हुए हैं। पुलिस ने केजीपी एक्सप्रेस-वे के नीचे पुलिया के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस के आत्मसमर्पण के लिए कहने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के पैरों की ओर फायर किए, जिससे दो आरोपी घायल हो गए और चारों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी रोहित और रणजीत के रूप में हुई है, जबकि अन्य दो की पहचान पुष्पेंद्र और अनुराग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी रोहित के खिलाफ उत्तर प्रदेश में लूट, डकैती और अवैध हथियार रखने के सात मामले दर्ज हैं, जबकि रणजीत के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। अन्य आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें रिमांड पर लेकर जिले में हुई अन्य लूट की वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

