पलवल: एक रात में पांच दुकानों में लाखों की चोरी

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 09 अप्रैल (हि.स.)। शहर के व्यस्त मीनार गेट मुख्य बाजार में चोरों ने एक ही रात में पांच दुकानों को निशाना बनाकर व्यापारियों में दहशत फैला दी। चोर नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार, चोर छत के रास्ते दुकानों में दाखिल हुए और शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। न्यू कॉलोनी निवासी दीपक जुनेजा की कपड़ों की दुकान से सबसे बड़ी चोरी सामने आई है। यहां से करीब 1.90 लाख रुपये नकद और 80 से 90 हजार रुपये के कपड़े गायब मिले। सुबह दुकान खोलने पर गल्ला बाहर पड़ा मिला और शटर टूटा हुआ था।

सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो संदिग्ध युवक दुकान के अंदर चोरी करते हुए दिखाई दिए हैं। इसी दौरान आसपास की चार अन्य दुकानों को भी निशाना बनाया गया। अजय कुमार की दुकान से करीब 10-15 हजार रुपये, अंकुर गोयल की दुकान से 8-10 हजार रुपये, एक साइकिल स्टोर से लगभग 1200-1500 रुपये और विपिन गोयल की दुकान से 2-2.5 हजार रुपये की नकदी चोरी की गई।

व्यापारियों का कहना है कि सभी वारदातें एक ही गिरोह द्वारा योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई हैं। घटना के बाद बाजार में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

शहर थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story