पलवल : फैक्ट्री में मशीन की चपेट में आने से महिला की उंगली कटी, मालिक समेत तीन पर केस
पलवल, 21 जुलाई (हि.स.)। जिले के मुंडकटी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारी की मशीन की चपेट में आने से उंगली कट गई। पीड़िता ने कंपनी प्रबंधन पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध न कराने और जबरन मशीन चलवाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कंपनी मालिक, एचआर और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंडकटी थाना प्रभारी कैलाश भड़ाना ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि मितरोल निवासी 33 वर्षीय ज्योति पत्नी कृष्ण ने शिकायत में बताया कि वह परिवार के भरण-पोषण के लिए एक निजी कंपनी में 11 हजार रुपये मासिक वेतन पर कार्यरत है। उसके तीन छोटे बच्चे हैं।
पीड़िता का आरोप है कि कंपनी के एचआर रविंद्र उस पर लगातार मशीन चलाने का दबाव बनाते थे। उसने कई बार एचआर, मैनेजर और कंपनी मालिक अजय से मशीन संचालित न कराने का अनुरोध किया, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। साथ ही उसे कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरण, जैसे दस्ताने, हेलमेट और सुरक्षा जूते भी उपलब्ध नहीं कराए गए।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकलॉक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक अजय, एचआर रविंद्र और कंपनी मैनेजर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

