पलवल : किराया विवाद ने लिया हिंसक रूप, निजी बस के चालक पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला; हालत गंभीर, दस के खिलाफ मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। पलवल जिले के होडल–हसनपुर मार्ग पर किराया मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब कुछ युवकों ने निजी बस के चालक और परिचालक पर कुल्हाड़ी, लाठी और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने छह नामजद सहित करीब दस आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हसनपुर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने गुरूवार को बताया कि भिडूकी गांव निवासी बस मालिक प्रताप ने दी शिकायत में बताया कि उनकी निजी बस होडल से हसनपुर मार्ग पर चलती है। देर शाम बस जब होडल से हसनपुर की ओर जा रही थी और होली चौक के पास पहुंची, तभी रामगढ़ गांव निवासी अशोक ने अपनी कार से बस को रुकवाया और बस में सवार हो गया।

शिकायत के अनुसार, बस में सवार होने के बाद जब परिचालक विक्रम ने अशोक से किराया मांगा, तो उसने किराया देने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद अशोक ने अपने साथियों को फोन कर रामगढ़ बस स्टैंड पर बुला लिया।

जैसे ही बस रामगढ़ बस स्टैंड पर पहुंची, वहां पहले से ही कुल्हाड़ी, लाठी और डंडों से लैस आठ से दस युवक मौजूद थे। बस रुकते ही आरोपियों ने चालक हरचंद पर पीछे से हमला कर दिया और बेरहमी से उसकी पिटाई की। हमले के दौरान परिचालक विक्रम मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

हमले के बाद आरोपी चालक को बेहोशी की हालत में वहीं छोड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर बस मालिक मौके पर पहुंचे और घायल चालक को तुरंत होडल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस ने बस मालिक की शिकायत पर रामगढ़ गांव निवासी कल्लु, अशोक, भूपेंद्र, अभय, लड्डू, रोहताश तथा तीन-चार अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story