पलवल: पृथला औद्योगिक क्षेत्र में कर्मचारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 13 अप्रैल (हि.स.)। पृथला औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को नेशनल हाईवे जाम कर दिया। कर्मचारियों के प्रदर्शन के चलते करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश पर जाम खुलवाया जा सका।

मिली जानकारी के अनुसार, साईं ऑटो कंपनी के कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि, ग्रेड पे लागू न होने, ईएसआई व पीएफ जैसी सुविधाएं न मिलने और महिला कर्मचारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी भी प्रदर्शन में शामिल रहीं।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप था कि कई वर्षों से काम करने के बावजूद उन्हें मात्र लगभग 10,250 रुपये वेतन दिया जा रहा है। साथ ही उन्हें मेडिकल सुविधा और अन्य जरूरी लाभ भी नहीं मिल रहे। महिला कर्मचारियों ने कुछ सुरक्षा गार्डों पर अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी लगाए।

कर्मचारियों का कहना था कि उनकी समस्याओं को सुनने के लिए उन्हें कंपनी प्रबंधन से मिलने तक नहीं दिया जाता। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी मालिक के प्रति कोई शिकायत नहीं है, बल्कि कुछ कर्मचारी और गार्ड ही गलत व्यवहार करते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से बातचीत की।

सीटीएम प्रीति ने बताया कि कर्मचारियों की सभी मांगों और शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और कंपनी प्रबंधन से बातचीत कर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार का कानूनी उल्लंघन सामने आता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कंपनी प्रबंधन ने वेतन बढ़ाने का आश्वासन दिया है और अन्य मांगों पर भी विचार करने की बात कही है। आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और यातायात सुचारु हो सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story