पलवल : दिनदहाड़े क्रेटा कार में गौवंश भरकर फरार हुए तस्कर, ब्रह्मानंद मार्केट में वारदात

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 02 मार्च (हि.स.)। पलवल जिले के होडल स्थित ब्रह्मानंद मार्केट में दिनदहाड़े गौतस्करी की वारदात सामने आई है। तस्कर एक सफेद क्रेटा कार में जबरन गौवंश को ठूंसकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ईएसआई मदन लाल अपनी टीम के साथ सोमवार को हसनपुर चौक पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि एक क्रेटा कार में सवार चार युवक गौतस्करी की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तुरंत ब्रह्मानंद मार्केट पहुंची, जहां पहले से ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित थे।

पुलिस ने आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि क्रेटा कार की परिचालक साइड से तीन युवक नीचे उतरे। दो आरोपितों ने एक गौवंश की गर्दन में रस्सी डालकर उसे बेरहमी से घसीटा और जबरन गाड़ी में ठूंस दिया। इसके बाद सभी आरोपित तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना को देख स्थानीय लोगों ने गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित वाहन को तेज गति से भगा ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए होडल थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर आरोपितों की पहचान में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story