राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के 'रोल ऑफ ऑनर' में अमर हुए पलवल के बलिदानी दिनेश कुमार
ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए दिनेश की पत्नी को मिली सरकारी नौकरी
पलवल, 28 जून (हि.स.)। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले गांव नगला मोहम्मदपुर निवासी लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा का नाम नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के 'रोल ऑफ ऑनर' में दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही उनका नाम देश के उन अमर वीरों में शामिल हो गया है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। इस सम्मान से परिवार और पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है।
बलिदानी के परिवार ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से घोषित आर्थिक सहायता उन्हें मिल चुकी है। वहीं, बलिदानी की पत्नी सीमा शर्मा को 25 जून ,2026 को शिक्षा विभाग में लिपिक के पद पर नियुक्ति मिलने पर उन्होंने सरकार का आभार जताया। हालांकि, परिवार का कहना है कि गांव का नाम बलिदानी के नाम पर रखने और उनकी स्मृति में पार्क बनाने जैसी घोषणाएं अब तक पूरी नहीं हो सकी हैं। उन्होंने सरकार से इन घोषणाओं को शीघ्र अमल में लाने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनेश कुमार शर्मा वर्ष 2014 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 2017 में उनका विवाह सीमा शर्मा से हुआ था। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर थी। सात मई 2025 को पाकिस्तानी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब देते हुए उन्होंने वीरगति प्राप्त की। शहादत से पहले उन्हें लांस नायक पद पर पदोन्नति भी मिली थी।
शहादत के समय उनकी पत्नी गर्भवती थीं। वर्तमान में परिवार में माता मीरा देवी, पिता दयाचंद, पत्नी सीमा शर्मा, दो छोटे भाई तथा तीन बच्चे हैं। सीमा शर्मा ने हाल ही में शिक्षा विभाग में लिपिक के पद पर कार्यभार संभाला है। उन्होंने कहा कि यदि अवसर मिला तो वह अपने बच्चों को भी देश सेवा के लिए प्रेरित करेंगी। परिजनों ने कहा कि राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के 'रोल ऑफ ऑनर' में नाम दर्ज होना पूरे परिवार और जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने सरकार से बलिदानी के सम्मान में की गई शेष घोषणाओं को भी जल्द पूरा करने की मांग की, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा ले सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

