पलवल : यमुना किनारे गांवों में पहुंचे उपायुक्त, बाढ़ से निपटने की तैयारियों का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
पलवल : यमुना किनारे गांवों में पहुंचे उपायुक्त, बाढ़ से निपटने की तैयारियों का लिया जायजा


पलवल, 23 जुलाई (हि.स.)। यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने गुरूवार को नदी से सटे गांवों का दौरा कर बाढ़ से बचाव की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने पलवल से मोहना ब्रिज तक राजूपुर, दोस्तपुर, चांदहट, मोहबलीपुर, इंदिरा नगर, गुरवाड़ी तथा रहीमपुर पुल सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नदी किनारे स्थित तटबंधों और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने सिंचाई, राजस्व एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसी भी संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ संभावित गांवों में राहत एवं बचाव दल, नाव, आवश्यक मशीनरी, दवाइयों, पेयजल तथा अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने गांव के सरपंच राजेश कुमार से क्षेत्र की स्थिति की जानकारी लेने के साथ ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव भी सुने।

डॉ. छिल्लर ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल जिला प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यमुना नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा संबंधित विभागों को 24 घंटे सतर्क रहने और नियमित रूप से स्थिति की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story