पलवल : उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
पलवल : उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण


पलवल, 16 मार्च (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने सोमवार को नगराधीश प्रीति रावत के साथ ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था तथा रखरखाव से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा अलार्म सिस्टम, फायर सेफ्टी उपकरणों और प्रवेश-निकास व्यवस्था की जांच की।

जिला निर्वाचन अधिकारी डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने वेयरहाउस में रखी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की स्थिति का भी निरीक्षण किया तथा उनके रखरखाव और रिकॉर्ड से संबंधित दस्तावेजों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मशीनों की सुरक्षा और रखरखाव से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को नियमित रूप से अपडेट किया जाए और समय-समय पर उनका परीक्षण किया जाए। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया जाता है ताकि मशीनों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

उपायुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी न बरती जाए। उन्होंने कहा कि वेयर हाउस में रखी चुनाव सामग्री की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और सतर्कता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए और वेयरहाउस परिसर में सुरक्षा के सभी मानकों को लागू किया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि परिसर में सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा कर्मी, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को नियमित रूप से जांचा और दुरुस्त रखा जाए।

किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी या सुरक्षा संबंधी समस्या सामने आने पर उसे तुरंत ठीक किया जाए, ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने और नियमित रूप से मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story