पलवल : ताज एक्सप्रेस पर हमला कर यात्री को घायल करने वाला गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 14 मई (हि.स.)। जीआरपी ने ताज एक्सप्रेस ट्रेन पर पाइप फेंककर यात्री को घायल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार गत दिवस दिल्ली से झांसी जा रही ताज एक्सप्रेस जब होडल क्षेत्र के पास पहुंची, तभी एक युवक ने चलती ट्रेन पर लोहे का पाइप फेंक दिया। पाइप ट्रेन की खिड़की का शीशा तोड़ते हुए अंदर जा गिरा, जिससे एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई।

ट्रेन के मथुरा स्टेशन पहुंचने पर घायल यात्री को प्राथमिक उपचार दिलाया गया। यात्री के बयान के आधार पर मथुरा में जीरो एफआईआर दर्ज की गई, जिसे बाद में जांच के लिए जीआरपी फरीदाबाद को भेज दिया गया। जीआरपी फरीदाबाद ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी व स्थानीय जांच के आधार पर आरोपी की पहचान होडल की बेढ़ा पट्टी निवासी 27 वर्षीय पंकज के रूप में हुई है। जिसे बुधवार की रात गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसपी जीआरपी राजेश चेची ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story