पलवल : अपहरण की झूठी सूचना देकर थाने में किया हंगामा, दो भाई गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पलवल : अपहरण की झूठी सूचना देकर थाने में किया हंगामा, दो भाई गिरफ्तार


पलवल, 09 अप्रैल (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र में अपहरण की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने और थाने में युवक के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने के आरोप भी लगे हैं।

थाना प्रभारी सुंदरपाल ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि नूंह जिले के दुवाला गांव निवासी राहुल ने शिकायत दी कि वह 7 अप्रैल को अपने दोस्त के साथ एक फार्म हाउस पर गया था, जहां उनका परिचित अरुण भी पहुंच गया। तीनों ने साथ बैठकर शराब पी, जिसके बाद वे कार से पलवल की ओर रवाना हुए। रास्ते में केएमपी एक्सप्रेस-वे पर किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया।

इसी दौरान अरुण ने गाड़ी रोककर खुद ही वहां से निकल गया और अपने घर फोन कर अपहरण की झूठी सूचना दे दी। साथ ही उसने पैसे और मोबाइल छीनने के भी आरोप लगाए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को पूछताछ के लिए थाने ले आई। इस दौरान अरुण का भाई अक्षय भी थाने पहुंच गया। पूछताछ के दौरान दोनों भाई अचानक भड़क गए और थाने में ही राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी।

जांच अधिकारी के अनुसार, आरोपियों ने युवक को लात-घूंसों और कुर्सी से बुरी तरह पीटा, जिससे वह घायल हो गया। जब पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी बदतमीजी की और सरकारी कार्य में बाधा डाली। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राहुल की शिकायत पर अरुण और अक्षय के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने शराब के नशे में पूरी घटना को अंजाम दिया। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story