पलवल : मकान का कब्जा दिलाने के नाम पर रिश्वत लेते अदालत का बेलिफ गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पलवल : मकान का कब्जा दिलाने के नाम पर रिश्वत लेते अदालत का बेलिफ गिरफ्तार


पलवल, 23 नवंबर (हि.स.)। मकान का कब्जा दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला न्यायालय पलवल में तैनात बेलिफ श्याम सुंदर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शिकायतकर्ता से मकान का कब्जा दिलाने की एवज में कुल 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें से वह पहले ही 20 हजार रुपये वसूल चुका था। सोमवार को शेष 50 हजार रुपये लेते हुए एसवी एंड एसीबी की टीम ने उसे आगरा चौक पर उसकी कार में दबोच लिया।

एसवी एंड एसीबी की फरीदाबाद इकाई के उपकेंद्र पलवल की टीम ने शिकायत मिलने के बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ अभियोग संख्या 30, दिनांक 23 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना एसवी एंड एसीबी फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने वर्ष 2019 में गांव रामपुर खोर निवासी हरिप्रमोद उर्फ प्रमोद दीक्षित से राधा कॉलोनी, आईटीआई के नजदीक पलवल में स्थित 287 वर्ग गज के दो मंजिला मकान को खरीदने के लिए समझौता किया था। बाद में मकान को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया, जिसके चलते मामला अदालत पहुंचा। अदालत के आदेश पर मकान की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता के नाम कराई गई तथा उसे मकान का कब्जा दिलाने के आदेश भी जारी किए गए।

मकान का कब्जा दिलाने के लिए अतिरिक्त सिविल जज की अदालत ने जिला न्यायालय पलवल में तैनात बेलिफ श्याम सुंदर को नियुक्त किया था। आरोप है कि बेलिफ ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर मकान का कब्जा दिलाने के बदले 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता ने आरोपी को पहले 20 हजार रुपये दे दिए थे, लेकिन इसके बाद भी आरोपी शेष 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था।

शिकायत के आधार पर एसवी एंड एसीबी की टीम ने रिश्वतखोरी के मामले में जाल बिछाया। सोमवार को आरोपी श्याम सुंदर शिकायतकर्ता से आगरा चौक पर अपनी कार में बैठकर 50 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था। इसी दौरान टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया और रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।

ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व एसवी एंड एसीबी यूनिट पलवल के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार ने किया। मौके पर राजपत्रित अधिकारी के रूप में एफएमडीए फरीदाबाद के एक्सईएन ओम दत्त उपस्थित रहे। पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई। आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता से पहले ली गई 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगामी जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story