पलवल: खेत में चारा लेने गई महिला से दुष्कर्म का प्रयास, जेठानी ने बचाई आबरू

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 24 मार्च (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में दिनदहाड़े एक महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोपी ने खेत में महिला को अकेली देख दबोच लिया, लेकिन पास ही काम कर रही जेठानी के समय पर पहुंचने से बड़ी वारदात टल गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मंगलवार को रोजाना की तरह खेत में पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। उसी दौरान गांव का ही रहने वाला शिवजी नामक युवक वहां आ गया। आरोपी ने पीछे से वार करते हुए महिला को पकड़ लिया और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला ने जब खुद को छुड़ाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी देकर डराने की कोशिश की।

गनीमत रही कि पीड़िता की जेठानी भी कुछ ही दूरी पर चारा काट रही थी। महिला की चीख-पुकार सुनकर जेठानी तुरंत मौके पर पहुंची। अपनी ओर किसी को आता देख आरोपी घबरा गया और महिला को छोड़ वहां से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

थाना प्रभारी सुंदरपाल ने मंगलवार काे बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी शिवजी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं, उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस घटना के बाद से गांव में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर रोष व्याप्त है। पुलिस ने पीड़िता को निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story