पलवल : एसवीएसयू में राष्ट्रीय प्रबंधन दिवस पर कौशल, रणनीति और नेतृत्व पर मंथन, विशेषज्ञों ने छात्रों को दिए सफलता के मंत्र

WhatsApp Channel Join Now
पलवल : एसवीएसयू में राष्ट्रीय प्रबंधन दिवस पर कौशल, रणनीति और नेतृत्व पर मंथन, विशेषज्ञों ने छात्रों को दिए सफलता के मंत्र


पलवल, 27 फ़रवरी (हि.स.)। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में फरीदाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन के सहयोग से राष्ट्रीय प्रबंधन दिवस का आयोजन किया गया। “स्किल्स, स्ट्रेटेजी एंड स्मार्ट लीडरशिप” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार की उपस्थिति में विशेषज्ञों ने बदलते दौर में प्रबंधन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने शुक्रवार को कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रबंधन केवल करियर तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन को व्यवस्थित और सफल बनाने की कला भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को वैश्विक मांग के अनुरूप उद्योगोन्मुख कौशल विकसित करने और नई तकनीकों के साथ स्वयं को तैयार करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रबंधन के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं।

प्रबंधन संकाय के अधिष्ठाता प्रोफेसर एसके सिन्हा ने स्वागत भाषण में कहा कि भावी प्रबंधकों को तकनीकी दक्षता के साथ भावनात्मक बुद्धिमत्ता और नैतिक मूल्यों को भी अपनाना होगा। वहीं फरीदाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन की अध्यक्ष सलोनी कौल ने कहा कि तकनीक और मानवीय संवेदनशीलता के संतुलन से ही उत्कृष्ट नेतृत्व संभव है।

कार्यक्रम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग में मानवीय कौशल, मानव संसाधन में तकनीक के उपयोग, श्रम कानूनों की प्रासंगिकता तथा कार्यस्थल पर सहानुभूति जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। पैनल चर्चा में योगेश सोनी, सलोनी कौल, रविंद्र सिंह और हीना सिंह ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देकर उनका मार्गदर्शन किया।

इस अवसर पर सर्व हैप्पीनेस फाउंडेशन के संस्थापक और कर्मवीर चक्र पुरस्कार से सम्मानित नितिन टेलर ने विशेष व्याख्यान देते हुए कहा कि सामाजिक उद्यमिता राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन का उद्देश्य पहचानने और समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story