पलवल: शादी के अगले दिन युवक ने की आत्महत्या, पत्नी समेत पांच के खिलाफ एफआईआर

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 18 मई (हि.स.)। पलवल जिले के होडल रेलवे स्टेशन के पास शादी के अगले ही दिन एक युवक द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के 16 दिन बाद जीआरपी फरीदाबाद ने मृतक की पत्नी समेत 5 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।

मृतक के भाई जय भगवान ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 29 अप्रैल को ओमप्रकाश की शादी यूपी के शेरगढ़ निवासी भूमिका से हुई थी। 30 अप्रैल को दुल्हन की विदाई के बाद रात में सुहागरात के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसकी आवाज घर की महिलाओं ने भी सुनी थी।

शिकायत के मुताबिक, अगले दिन सुबह से ही ओमप्रकाश के मोबाइल पर चार अलग-अलग नंबरों से लगातार कॉल आने लगीं। आरोप है कि अजय निषाद, संजीव, नारायण सिंह और वेदराम नामक युवक उसे धमका रहे थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

परिजनों का कहना है कि इन फोन कॉल्स के बाद ओमप्रकाश काफी डरा और तनाव में रहने लगा था। उसने अपने पिता अशोक को बताया था कि पत्नी के जान-पहचान वाले युवक उसे लगातार ब्लैकमेल और धमकियां दे रहे हैं। परिवार ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन मानसिक दबाव बढ़ता गया। इसी तनाव के चलते युवक ने होडल रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल जीआरपी ने पत्नी भूमिका और चार अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story