पलवल : विवाहिता ने फंदा लगाया, मायके की जमीन बेचने का दबाव बनाने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 20 अगस्त (हि.स.)। शहर के मोहन नगर में 31 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगने से मौत हो गई। मृतका के पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मायके से 15 लाख रुपये लाने का दबाव बनाने और हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। कैंप थाना पुलिस ने गुरुवार काे शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने गुरूवार को बताया कि उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गांव पोथा निवासी प्रेमपाल सिंह ने शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी हेमलता की शादी फरवरी 2019 में मोहन नगर निवासी मनमोहन के साथ हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद से ही पति मनमोहन, ससुर सत्यवीर सिंह, सास ओमवती, जेठ राकेश उर्फ लाखन और प्रवीन उर्फ हाकिम, जिठानी अनीता तथा देवर हेमंत अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर हेमलता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि ससुराल पक्ष हेमलता पर मायके की जमीन बेचकर 15 लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा था।

पिता प्रेमपाल सिंह के अनुसार, दो अगस्त की सुबह हेमलता ने फोन कर बताया था कि पति और अन्य ससुरालजन रातभर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। उसने यह भी कहा था कि उसे खाने-पीने और पहनने तक के लिए परेशान किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसी दिन दोपहर करीब तीन बजे ससुराल पक्ष की ओर से सूचना दी गई कि हेमलता ने फंदा लगाकर जान दे दी है। पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने साजिश के तहत उनकी बेटी की हत्या की और बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।

सूचना मिलने पर कैंप थाना की किठवाड़ी पुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर हेमलता के शव को फंदे से नीचे उतारा। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के लिए नमूने एफएसएल गुरुग्राम भेजे गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story