पलवल मेंं 18 साल से फरार गोकशी का आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पलवल मेंं 18 साल से फरार गोकशी का आरोपी गिरफ्तार


पलवल, 13 अप्रैल (हि.स.)। बहीन थाना पुलिस ने गोकशी के एक पुराने मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 18 साल से फरार चल रहे भगोड़ा आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत द्वारा पहले ही भगोड़ा घोषित किया जा चुका था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोट गांव निवासी इस्लाम के रूप में हुई है। वह बहीन थाना सहित अन्य थानों में दर्ज कई मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था।

थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू किया। इस मामले में पहले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ बहीन थाना में वर्ष 2008, 2020, 2021 और 2023 के अलावा हथीन थाना में वर्ष 2000 और सोहना थाना में वर्ष 2010 में विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि उससे अन्य मामलों के संबंध में भी जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि भगोड़ा घोषित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story