पलवल :सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 16 सितंबर (हि.स.)। नगीना से बाइक पर सवार होकर उत्तर प्रदेश स्थित अपनी ससुराल जा रहे 19 वर्षीय युवक की होडल के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने युवक की बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। होडल थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

होडल थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि जिला नूंह के नगीना गांव निवासी लियाकत ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत में बताया गया कि उनका 19 वर्षीय बेटा मौसिम बाइक पर सवार होकर नगीना से अपनी ससुराल उत्तर प्रदेश के उटावड़ का नंगला गांव जा रहा था।

इसी दौरान होडल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

वाहन की टक्कर लगने से मौसिम सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घायल युवक को उपचार के लिए होडल स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।

इसके बाद परिजन मौसिम को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान मौसिम ने दम तोड़ दिया।

होडल थाना पुलिस ने मृतक के पिता लियाकत की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस हादसे को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान करने के प्रयास में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story